वैज्ञानिक मत्स्य पालन से बढ़ेगी किसानों की आय, दरभंगा में उन्नत स्पॉन का वितरण
वैज्ञानिक मत्स्य पालन से बढ़ेगी किसानों की आय, दरभंगा में उन्नत स्पॉन का वितरण
वैज्ञानिक मत्स्य पालन से बढ़ेगी किसानों की आय, दरभंगा में उन्नत स्पॉन का वितरण
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
जिले में मत्स्य उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में मत्स्य विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। वैज्ञानिक विधि से मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मत्स्य निदेशालय, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, बिहार सरकार तथा BAIP (बिहार एक्वाकल्चर इम्प्रूवमेंट प्रोग्राम) के संयुक्त सहयोग से प्रथम चरण में जिले के नौ मत्स्य पालकों को उन्नत प्रजाति के मछली स्पॉन उपलब्ध कराए गए।
कार्यक्रम के तहत 21 लाख जयंती रोहू एवं 18 लाख अमृत कतला के उन्नत स्पॉन ICAR-CIFA के अधिकृत मल्टीप्लायर के माध्यम से वितरित किए गए। इस अवसर पर जिला मत्स्य पदाधिकारी अनुपम कुमार, BAIP टीम के राहुल कुमार एवं स्वाती चौधरी मौजूद रहे।
जिला मत्स्य पदाधिकारी अनुपम कुमार ने बताया कि जयंती रोहू एवं अमृत कतला वैज्ञानिक चयन प्रजनन तकनीक से विकसित उच्च उत्पादन क्षमता वाली प्रजातियां हैं। इनकी वृद्धि दर सामान्य प्रजातियों की तुलना में अधिक होती है, जिससे कम समय में बेहतर उत्पादन और अधिक आर्थिक लाभ संभव है। उन्होंने कहा कि विभाग किसानों को हर संभव तकनीकी सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
वहीं BAIP टीम के राहुल कुमार ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य जिले में उन्नत मत्स्य प्रजातियों का विस्तार करना और किसानों को आत्मनिर्भर बनाना है। किसानों को समय-समय पर प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे आधुनिक तकनीक अपनाकर अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम से जुड़े किसानों ने उन्नत स्पॉन मिलने पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे मत्स्य उत्पादन बढ़ेगा और उनकी आय में सकारात्मक बदलाव आएगा। किसानों ने मत्स्य विभाग एवं BAIP के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगी।