बकरीद को लेकर अलर्ट मोड में दरभंगा प्रमंडल, सीमाओं पर विशेष निगरानी के निर्देश, सभी थानों में सीसीटीवी दुरुस्त रखने, विकास योजनाओं में तेजी और विधि-व्यवस्था मजबूत करने पर आयुक्त की सख्ती
बकरीद को लेकर अलर्ट मोड में दरभंगा प्रमंडल, सीमाओं पर विशेष निगरानी के निर्देश, सभी थानों में सीसीटीवी दुरुस्त रखने, विकास योजनाओं में तेजी और विधि-व्यवस्था मजबूत करने पर आयुक्त की सख्ती
बकरीद को लेकर अलर्ट मोड में दरभंगा प्रमंडल, सीमाओं पर विशेष निगरानी के निर्देश,
सभी थानों में सीसीटीवी दुरुस्त रखने, विकास योजनाओं में तेजी और विधि-व्यवस्था मजबूत करने पर आयुक्त की सख्ती
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में सोमवार को प्रमंडल स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति, विधि-व्यवस्था की स्थिति, थानों में सीसीटीवी कैमरा अधिष्ठापन तथा आगामी बकरीद पर्व को लेकर सुरक्षा तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में प्रमंडल के तीनों जिलों के जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षकों से विधि-व्यवस्था की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई। आयुक्त ने आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान आयुक्त ने जीवछ-कमला नदी के उड़ाहीकरण से निकली मिट्टी का उपयोग सड़क निर्माण एवं अन्य सरकारी कार्यों में नियमानुसार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से गाद दोबारा नदी में नहीं जाएगी और बाढ़ की संभावना को कम करने में मदद मिलेगी।
थानों में सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कैमरे हर हाल में चालू हालत में रहें। जिन थानों में तकनीकी कारणों से कैमरे बंद हैं, उन्हें अविलंब दुरुस्त कराने को कहा गया।
बैठक में संचालित सहयोग शिविरों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने शिविरों के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने पर बल दिया।
इस दौरान कौशल कुमार ने जानकारी दी कि बकरीद को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित कर ली गई है तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पर्व के मद्देनजर फ्लैग मार्च भी निकाला जाएगा।
बैठक में नेपाल और भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतों के अंतर को ध्यान में रखते हुए संसाधनों की उपलब्धता बनाए रखने पर भी चर्चा हुई। वहीं आयुक्त ने मधुबनी जिला अस्पताल की जांच कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
अंत में आयुक्त ने सभी अधिकारियों को विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और बेहतर समन्वय के साथ विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने का निर्देश दिया। बैठक में क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी आकाश ऐश्वर्य समेत अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।