गैस एजेंसियों पर जिला प्रशासन सख्त, 27 मई को 14 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण का लक्ष्य

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। मंगलवार को वरीय अधिकारियों ने चार गैस एजेंसियों समेत पांच अन्य स्थानों पर औचक निरीक्षण किया। प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि उपभोक्ताओं को निर्धारित दर पर शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। लापरवाही या उपभोक्ताओं को परेशान करने वाली एजेंसियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

जिला प्रशासन के अनुसार जिले की 75 गैस एजेंसियों के माध्यम से बुकिंग के अनुरूप तेजी से गैस आपूर्ति की जा रही है। मंगलवार को जिलेभर में कुल 8 हजार 067 एलपीजी सिलेंडरों का वितरण किया गया। इसमें दरभंगा सदर अनुमंडल में 6277, बेनीपुर में 700 तथा बिरौल अनुमंडल में 1090 सिलेंडर शामिल हैं। वहीं दिन समाप्त होने तक एजेंसियों के गोदामों में 4497 सिलेंडर शेष बताए गए।

प्रशासन ने बताया कि बुधवार 27 मई को जिले में 14 हजार से अधिक एलपीजी सिलेंडर वितरण का लक्ष्य रखा गया है। इसमें दरभंगा सदर अनुमंडल में 9380, बेनीपुर में 751 तथा बिरौल अनुमंडल में 4224 सिलेंडर वितरित किए जाएंगे।

उप निदेशक जनसंपर्क श्री सत्येन्द्र प्रसाद ने कहा कि जिले में पेट्रोलियम पदार्थ एवं एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। शहरी क्षेत्रों में 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल पर बुकिंग की व्यवस्था निर्धारित है। बुकिंग के बाद दो से तीन दिनों के भीतर उपभोक्ताओं तक होम डिलीवरी के माध्यम से गैस पहुंचाई जा रही है।

उन्होंने बताया कि शादी-विवाह एवं अन्य आयोजनों के लिए कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति भी नियमित रूप से जारी है। विभागीय निर्देशानुसार उपभोक्ताओं को समारोहों के लिए पांच कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी  कौशल कुमार ने सभी गैस एजेंसियों को पारदर्शी एवं समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि किसी उपभोक्ता को विभागीय नियमों के अनुरूप गैस उपलब्ध नहीं कराने पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।