रिफ्रेशर प्रशिक्षण से पुलिस पदाधिकारियों की दक्षता बढ़ाने पर जोर,एसएसपी की पहल 

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

वरीय पुलिस अधीक्षक दरभंगा के नेतृत्व में जिला बल में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारियों के लिए रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण में सअनि, पुअनि एवं पुनि कोटि के सभी पुलिस पदाधिकारी भाग ले रहे हैं।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस पदाधिकारियों की कार्य क्षमता, दक्षता एवं पेशेवर कौशल में वृद्धि करना है, ताकि वे वर्तमान समय की चुनौतियों का बेहतर तरीके से सामना कर सकें। प्रशिक्षण के दौरान नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान, साक्ष्य संकलन, कांड दैनिकी लेखन तथा अनुसंधान में तेजी लाने संबंधी विषयों पर विशेष जानकारी दी गई।

इसके साथ ही सामुदायिक पुलिसिंग, जन-शिकायत निवारण, स्वस्थ जीवन शैली तथा शस्त्र संचालन से संबंधित प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से पुलिस कार्य प्रणाली में और अधिक सुधार होगा तथा आम जनता को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।