लहेरियासराय थाना का एसएसपी ने किया औचक निरीक्षण, लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा

दरभंगा पुलिस के वरीय पुलिस अधीक्षक ने रविवार को लहेरियासराय थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना में संधारित विभिन्न पंजीयों एवं लंबित कांडों की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।

जानकारी के अनुसार, दिनांक 25 मई 2026 को किए गए निरीक्षण में एसएसपी ने दागी पंजी, अपराध पंजी, जेल से छूटे अपराधियों की पंजी, केस डिस्पोजल, दैनिकी पंजी, ओडी पंजी, गुंडा पंजी, अपराध अनुसंधान पंजी, हाजत पंजी, गिरफ्तारी पंजी तथा पीसी रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों की जांच की।

निरीक्षण के क्रम में लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन तथा फरार अभियुक्तों की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

पीसी समीक्षा के दौरान समन, बीडब्ल्यू, एनबीडब्ल्यू, इश्तिहार एवं कुर्की पंजी की जांच करते हुए एसएसपी ने लंबित समन, बीडब्ल्यू एवं एनबीडब्ल्यू का 15 दिनों के भीतर तामिला सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं इश्तिहार एवं कुर्की का निष्पादन तीन दिनों के अंदर करने को कहा गया।

इसके अलावा थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा हाजत सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। एसएसपी ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए।

आगामी बकरीद पर्व को देखते हुए थाना क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।