बकरीद को लेकर विभिन्न थानों में शांति समिति की बैठक आयोजित

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा के निर्देशन में रविवार को जिले के विभिन्न थाना परिसरों में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

घनश्यामपुर, सिमरी, मनीगाछी, लहेरियासराय, वाजितपुर, सकतपुर एवं अलीनगर थानाध्यक्षों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में अधिकारियों ने बकरीद के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रखने, किसी भी प्रकार की घटना या संदिग्ध सूचना मिलने पर तत्काल थाना को सूचित करने, सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से भ्रामक अफवाह नहीं फैलाने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

थानाध्यक्षों ने कहा कि पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। बैठक में उपस्थित लोगों ने भी प्रशासन को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।