खर्च-खोराकी मांगने पर चालक से मारपीट, शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुरा गांव में वाहन चालक और मालिक के बीच पैसों के विवाद ने तूल पकड़ लिया। घटना के बाद घायल चालक ने मालिक और उसके पुत्र पर मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने चालक को शराब के नशे में पाए जाने पर उत्पाद अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया।
बताया गया है कि सीतामढ़ी जिले के सुरसंड थाना क्षेत्र निवासी चालक मुकेश झा रामपुरा गांव के एक वाहन मालिक के यहां चालक के रूप में कार्य करता था। आरोप है कि शुक्रवार की शाम काम से लौटने के बाद उसने खर्च-खोराकी की मांग की। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। चालक का आरोप है कि विवाद के दौरान वाहन मालिक और उनके पुत्र ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा बांस से सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
घटना के बाद घायल अवस्था में चालक थाना पहुंचा। पुलिस के अनुसार युवक थाना परिसर में हंगामा कर रहा था। पूछताछ के दौरान उसके मुंह से शराब की गंध आने पर ब्रेथ एनालाइजर से जांच कराई गई, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया तथा बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि चालक की शिकायत पर मारपीट मामले की भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है