नवाह संकीर्तन को लेकर निकली भव्य कलश शोभायात्रा, कुमारी कन्याओं में दिखा उत्साह

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर।

नगर पंचायत घनश्यामपुर स्थित शिव शारदा बजरंग पूजा समिति प्रांगण में सोमवार को नवाह संकीर्तन के शुभारंभ को लेकर भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। धार्मिक माहौल और भक्ति गीतों के बीच निकली इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में कुमारी कन्याओं और महिलाओं ने भाग लिया। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा। शोभायात्रा शिव शारदा बजरंग पूजा समिति प्रांगण से शुरू होकर बाबा स्थान, थाना चौक और राधा-कृष्ण मंदिर होते हुए कणसाईर पोखर पहुंची। वहां वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर कलश में जल भरा गया। इसके बाद श्रद्धालु गाजे-बाजे और भक्ति नारों के साथ कलश लेकर वापस पूजा पंडाल पहुंचे, जहां विधिवत कलश की स्थापना की गई।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु “हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे, हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे” महामंत्र का जाप करते हुए आगे बढ़ रहे थे। कुमारी कन्याएं सिर पर कलश धारण कर पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ शोभायात्रा में शामिल हुईं। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत कर धार्मिक आयोजन की सराहना की। पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि नवाह संकीर्तन का आयोजन 25 मई से 2 जून तक किया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन भजन-कीर्तन, पूजा-पाठ और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। समिति की ओर से संकीर्तन मंडली और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम में शिव शारदा बजरंग पूजा समिति के सदस्य विनोद मिश्रा, भोला झा, बब्बू झा, निरंजन झा एवं दिवाकर मिश्रा सहित समिति के सभी सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय लोगों की सक्रिय भूमिका रही।