बकरीद पर प्रशासन अलर्ट: अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई,

ड्रोन, CCTV और QRT टीम से होगी निगरानी, शांति समिति की बैठक में सफाई-सुरक्षा पर जोर

दस्तक 7 मीडिया ,दरभंगा 

बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिला शांति समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी कौशल कुमार ने की, जबकि वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी समेत कई प्रशासनिक अधिकारी और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।

बैठक में जानकारी दी गई कि ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व 28, 29 और 30 मई को मनाया जाएगा। पर्व को लेकर प्रशासन द्वारा सुरक्षा, सफाई, यातायात एवं विधि-व्यवस्था की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि जिले में शांति एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में शांति समिति की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। डीएम ने नगर आयुक्त को सोलर स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने और कचरा उठाव के लिए ट्रैक्टरों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया।

डीएम ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों तथा सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि बकरीद ऐसा पर्व बने जिससे किसी भी समुदाय की भावना आहत न हो।

वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने कहा कि जिले के संवेदनशील इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। बाहर से अतिरिक्त पुलिस बल भी मंगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि ड्रोन, सीसीटीवी कैमरा और क्यूआरटी टीम के माध्यम से 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। साथ ही फ्लैग मार्च भी निकाले जाएंगे और साइबर सेल को पूरी तरह सक्रिय रखा जाएगा।

एसएसपी ने लोगों से अपील की कि किसी भी भ्रामक या विवादित सूचना को सोशल मीडिया पर साझा करने के बजाय तत्काल प्रशासन को सूचित करें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

बैठक में भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। प्रशासन की ओर से अफवाहों का त्वरित खंडन करने की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई।

शांति समिति के सदस्यों ने बैठक में कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इनमें मस्जिदों एवं ईदगाहों के पास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित कचरा उठाव, ट्रिपल लोडिंग पर कार्रवाई, बिजली व्यवस्था सुधारने, नशेड़ियों एवं असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण, नमाज स्थलों की साफ-सफाई, जलजमाव हटाने, सीसीटीवी लगाने तथा डीएमसीएच में चिकित्सकों की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने जैसे मुद्दे शामिल रहे।

महापौर अंजुम आरा ने कहा कि नगर निगम द्वारा पर्व को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और वेस्टेज के सुरक्षित निस्तारण के लिए स्थान चिन्हित कर लिए गए हैं। वहीं नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि ब्लीचिंग पाउडर, चुना, नमक और अन्य आवश्यक सामग्री सभी क्षेत्रों में उपलब्ध करा दी गई है तथा सफाई अभियान चलाया जा रहा है।