चयनित स्वच्छता कर्मी बने ‘गायब’, बाजितपुर पंचायत में कचरा उठाव ठप,

वार्ड 9 से 15 तक सफाई व्यवस्था बदहाल, ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश

दस्तक 7 मीडिया /गुड्डूराज

बहादुरपुर प्रखंड के बाजितपुर पंचायत में स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पंचायत के वार्ड संख्या 9 से लेकर वार्ड संख्या 15 तक ग्रामीण विकास विभाग के तहत स्वच्छता कर्मियों का चयन किए जाने के बावजूद आज तक किसी भी वार्ड में नियमित कचरा उठाव का कार्य शुरू नहीं हो सका है। इससे पूरे इलाके में गंदगी का अंबार लग गया है और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इस गंभीर समस्या को लेकर वार्ड संख्या 10 निवासी आदर्श कुमार ने जिला पदाधिकारी को आवेदन देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि चयनित स्वच्छता कर्मी अपने-अपने वार्डों में कोई कार्य नहीं कर रहे हैं। न तो कचरा उठाने वाली गाड़ी वार्डों में पहुंचती है और न ही किसी प्रकार की सफाई व्यवस्था दिखाई देती है।

ग्रामीणों का कहना है कि मजबूरी में लोग घरों का कचरा सड़क किनारे और खाली जगहों पर फेंक रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में दुर्गंध और गंदगी फैल रही है। बारिश के मौसम में स्थिति और भी भयावह होने लगी है तथा संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि स्वच्छता कर्मियों का चयन प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं पंचायत सचिव द्वारा किया गया था, लेकिन चयन के बाद कार्य की निगरानी नहीं होने से व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर संबंधित कर्मियों को नियमित रूप से कचरा उठाव का कार्य शुरू करने का निर्देश दिया जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो पंचायत स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।