नाबालिग लड़की अपहरण मामले में आरोपी का पिता गिरफ्तार, मोतिहारी से दबोचा गया

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर दरभंगा।

नाबालिग लड़की के अपहरण मामले में घनश्यामपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपहरणकर्ता के पिता को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मोतिहारी जिले के घोड़ासहन थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीपुर गांव निवासी स्व. गोपी पासवान के पुत्र उपेंद्र पासवान के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार द्वारा घनश्यामपुर थाना में नाबालिग लड़की के अपहरण को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले के अनुसंधान के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर करीब तीन महीने पहले मोतिहारी से नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया था। पुलिस के अनुसार, बरामदगी के बाद नाबालिग के बयान में अपहरणकर्ता के माता-पिता की संलिप्तता सामने आई थी। इसी आधार पर कार्रवाई करते हुए शनिवार देर रात घनश्यामपुर पुलिस ने छापेमारी कर उपेंद्र पासवान को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को रविवार को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। वहीं मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।