02 जून को 36 पंचायतों में लगेगा सहयोग शिविर,

डीएम ने तैयारियों की समीक्षा की, कहा- शिकायतों का समय पर हो समाधान

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा/

आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आगामी 02 जून को जिले के सभी 18 प्रखंडों की 36 पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा। इसकी तैयारियों एवं पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के निष्पादन को लेकर शनिवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई।

बैठक में 19 मई को आयोजित सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि 44 विभागों में कुल 2759 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 1095 शिकायतों का समाधान किया जा चुका है। सभी आवेदनों एवं उनके निष्पादन की प्रक्रिया पोर्टल पर अपलोड की जा रही है।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आमजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है, इसलिए सभी विभाग पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता लोगों की समस्याओं का समाधान करना है और इसी उद्देश्य से प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि पिछले सहयोग शिविर में सबसे अधिक 440 आवेदन ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित प्राप्त हुए, जबकि कमर्शियल टैक्स एवं पर्यटन विभाग में एक-एक आवेदन दर्ज किए गए।

डीएम ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर से पूर्व आवेदन संग्रह के लिए कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए तथा सभी प्राप्त आवेदनों को समय पर पोर्टल पर अपलोड किया जाए। उन्होंने बताया कि शिविर के अनुश्रवण के लिए जिला स्तर पर 22 नोडल पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक पंचायत में 15 काउंटर लगाए जाएंगे। साथ ही आवेदन लिखने में असमर्थ लोगों की सहायता के लिए अलग काउंटर एवं हेल्पलाइन सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। शिविर स्थल पर पेयजल सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिया गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि शिविर के दिन सभी अधिकारी एवं कर्मी सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन एवं शिविर से पूर्व प्राप्त आवेदनों के समाधान कर संबंधित प्रमाण पत्र लाभुकों को शिविर के दिन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

बैठक में नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, उप विकास आयुक्त स्वप्निल, अपर समाहर्ता राजस्व मनोज कुमार, अपर समाहर्ता जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता समेत कई जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे, जबकि सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।