लहेरियासराय में होगा बिहार-झारखंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव यूनियन का 52वां राज्य सम्मेलन,

कर्मचारी नेता फूल कुमार झा की अध्यक्षता में 51 सदस्यीय स्वागत समिति गठित, श्रमिक आंदोलन की रणनीति पर होगी विशेष चर्चा

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा/गुड्डू राज 

बिहार झारखंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव यूनियन (बीएसएसआर यूनियन) का 52वां राज्य सम्मेलन आगामी 20 एवं 21 जून 2026 को लहेरियासराय, दरभंगा स्थित प्रेक्षा गृह ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारी को लेकर शुक्रवार को लहेरियासराय स्थित अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ कार्यालय परिसर में एक व्यापक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के राज्य अध्यक्ष के. डी. प्रताप ने की।

बैठक में विभिन्न श्रमिक संगठनों एवं स्वतंत्र फेडरेशन के नेतृत्वकारी साथियों की उपस्थिति में 51 सदस्यीय स्वागत समिति का गठन किया गया। सर्वसम्मति से कर्मचारी नेता फूल कुमार झा को स्वागत समिति का अध्यक्ष बनाया गया, जबकि बीएसएसआर यूनियन के यूनिट सेक्रेटरी प्रिंस कुमार को सम्मेलन का संयोजक चुना गया।

बैठक को संबोधित करते हुए अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के जिला मंत्री फूल कुमार झा, सीटू के राज्य महासचिव अनुपम कुमार, राज्य कमिटी सदस्य दिनेश झा, एफएमआरएआई के सचिव एवं बीएसएसआर यूनियन के राज्य कोषाध्यक्ष मनोज चौधरी, पूर्व महासचिव देवाशीष राय तथा महासचिव शशि प्रकाश ने श्रमिक आंदोलन, यूनियन संघर्ष और संयुक्त आंदोलनों में बीएसएसआर यूनियन की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।

वक्ताओं ने अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय राजनीति में वित्तीय पूंजी के बढ़ते प्रभाव, कॉर्पोरेट गठजोड़, आम जनता के अधिकारों के हनन और मजदूर वर्ग पर बढ़ते आर्थिक दबाव को गंभीर चिंता का विषय बताया। उन्होंने देश में बढ़ती महंगाई, राष्ट्रीय संपदाओं के निजीकरण, संवैधानिक अधिकारों पर हमले तथा चार नए लेबर कोड लागू होने से उत्पन्न परिस्थितियों पर भी विस्तार से अपने विचार रखे।

नेताओं ने बताया कि सम्मेलन का उद्घाटन अखिल भारतीय संगठन एफएमआरएआई एवं बीएसएसआर यूनियन के संस्थापक ज्ञान शंकर मजूमदार करेंगे। इसके अलावा एफएमआरएआई के राष्ट्रीय महासचिव सहित कई राष्ट्रीय स्तर के श्रमिक नेता सम्मेलन में भाग लेंगे।

सम्मेलन के दौरान संगठनात्मक समीक्षा, आंदोलन की आगामी रणनीति तथा श्रमिक हितों को लेकर भविष्य की दिशा तय करने पर विशेष मंथन किया जाएगा।

बैठक में बैंक यूनियन, पोस्टल यूनियन, इंश्योरेंस यूनियन, केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन, किसान सभा, खेत मजदूर यूनियन तथा बिहार राज्य आंगनबाड़ी सेविका सहायिका संघ के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया और सम्मेलन को सफल बनाने का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर राज्य सचिव सत्य प्रकाश चौधरी, उपेंद्र कुमार सिंह, मोहम्मद अनस खान, सलिल रंजन, आदित्य कुमार झा, गौरव कुमार तथा कोषाध्यक्ष विश्वजीत मुखर्जी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।