अग्निपीड़ितों के बीच विधायक ने बांटी राहत राशि, बोले- मानवता की सेवा सबसे बड़ा धर्म

दस्तक 7 मीडिया /बहेड़ी

बेनीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रोफेसर विनय कुमार चौधरी ने शनिवार को बहेड़ी प्रखंड की सम्मदपुरा पंचायत एवं नगर पंचायत क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक अग्निपीड़ित परिवारों के बीच राहत राशि का चेक वितरित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है और एनडीए सरकार आपदा पीड़ितों के साथ हर समय खड़ी है।

विधायक ने कहा कि सरकार ने सत्ता संभालने के बाद से ही आपदा प्रभावित परिवारों तक त्वरित राहत पहुंचाने को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि आपदा पीड़ितों का सरकारी खजाने पर पहला अधिकार है और सरकार संवेदनशीलता के साथ हर संभव मदद कर रही है।

इस मौके पर सम्मदपुरा पंचायत के सोनमा गांव की अरहुलिया देवी, राम प्रवेश चौपाल, रामकुमार चौपाल, लक्ष्मीपुर गांव की पूजा देवी एवं फूलों देवी के साथ-साथ बहेड़ी नगर पंचायत के नौडेगा गांव की सोनवती देवी और बबीता देवी को 12-12 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया।

पीड़ित परिवारों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि आगजनी जैसी आपदा किसी को बताकर नहीं आती, इसलिए सभी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा दी गई सहायता राशि से पीड़ित परिवार कपड़े, बर्तन और अनाज जैसी जरूरी जरूरतों को पूरा कर अपने जीवन को फिर से पटरी पर ला सकेंगे।

उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने सड़क, बिजली, पानी सहित अधिकांश मूलभूत सुविधाओं पर तेजी से काम किया है और आने वाले समय में रोजगार एवं उद्योग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि आम लोगों का जीवन स्तर बेहतर हो सके।

कार्यक्रम में अंचलाधिकारी धनश्री बाला, युवा जदयू जिलाध्यक्ष राम शंकर सिंह, गजेंद्र प्रसाद सिंह, राजस्व कर्मचारी अमित कुमार, मनीष कुमार, संतोष साह, विजय महतो, शर्मा पासवान, अंकित झा, विपिन भगत, डॉ. चंदेश्वर लालदेव, इन्द्र लालदेव, प्रेम चौपाल समेत कई लोग मौजूद थे।