27 मई को दारोगा मुख्य परीक्षा, 10 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा,

परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू, मोबाइल-ब्लूटूथ समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा

पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा) पद के लिए आयोजित मुख्य लिखित प्रतियोगिता परीक्षा 27 मई को दरभंगा जिला मुख्यालय के 10 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है।

जिला दण्डाधिकारी श्री कौशल कुमार के निर्देश पर सदर अनुमंडल दण्डाधिकारी विकास कुमार ने परीक्षा केंद्रों के आसपास 100 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश जारी किया है।

प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा के लिए बीकेडी राजकीय बालक उच्च विद्यालय जिला स्कूल, एमएल एकेडमी ब्लॉक-बी, सीएम साइंस कॉलेज, एमएलएसएम कॉलेज, सीएम कॉलेज किलाघाट, प्लस टू एमएल एकेडमी ब्लॉक-ए, महारानी कल्याणी कॉलेज, केएस कॉलेज, प्लस टू सफी मुस्लिम उच्च विद्यालय एवं राज उच्च विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार परीक्षा केंद्रों के आसपास पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, हथियार या विस्फोटक सामग्री लेकर चलने तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह आदेश सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक प्रभावी रहेगा।

परीक्षा केंद्रों के अंदर परीक्षार्थियों एवं अन्य व्यक्तियों के मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, वाई-फाई गैजेट, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर, व्हाइटनर, ब्लेड, सेल्युलर फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर भी पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों, सुरक्षा बलों, प्रशासनिक पासधारियों, शवयात्रा, धार्मिक जुलूस एवं शादी-विवाह कार्यक्रम में शामिल लोगों को इस आदेश से छूट दी गई है।