शिक्षकों का शोषण पड़ा भारी, दरभंगा डीएम की बड़ी कार्रवाई, हनुमान नगर के प्रभारी बीईओ प्रभार मुक्त, रंजना कुमारी को अतिरिक्त प्रभार

दस्तक 7 मिडिया, दरभंगा।

शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार और शिक्षकों के मानसिक व आर्थिक शोषण के खिलाफ दरभंगा जिला प्रशासन ने एक बेहद सख्त कदम उठाया है। हनुमान नगर प्रखंड के प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पर लगे शोषण के गंभीर आरोपों को सही पाते हुए दरभंगा के जिला अधिकारी कौशल कुमार ने उन्हें तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है,और रंजना कुमारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी बहादुरपुर को हनुमान नगर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया है।
डीएम की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से जिले के शिक्षा महकमे में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, हनुमान नगर प्रखंड के प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पर पिछले काफी समय से स्थानीय शिक्षकों को प्रताड़ित करने और उनका आर्थिक व मानसिक शोषण करने के गंभीर आरोप लग रहे थे। शिक्षकों द्वारा इसकी शिकायत लगातार वरीय अधिकारियों और जिला प्रशासन से की जा रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जब जिला प्रशासन और संबंधित विभाग द्वारा इसकी जांच कराई गई, तो प्रथम दृष्टया प्रभारी बीईओ के खिलाफ लगे आरोप सही पाए गए। शिक्षकों के हितों की रक्षा और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए दरभंगा जिला अधिकारी ने कड़ा रुख अख्तियार किया। डीएम के आदेशानुसार, आरोपी अधिकारी को हनुमान नगर प्रखंड के प्रभारी बीईओ के पद से ‘प्रभारमुक्त’ कर दिया गया है।
डीएम द्वारा की गई इस त्वरित और बड़ी कार्रवाई के बाद हनुमान नगर प्रखंड समेत पूरे दरभंगा जिले के शिक्षक संघों और स्थानीय शिक्षकों ने राहत की सांस ली है। शिक्षक संगठनों का कहना है कि इस फैसले से यह साफ हो गया है कि शिक्षकों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन के इस कदम को शिक्षा विभाग में फैले भ्रष्टाचार और तानाशाही रवैये के खिलाफ एक बड़ी नजीर के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों को सख्त संदेश दे दिया गया है कि यदि वे अपने पद का दुरुपयोग कर मातहत कर्मचारियों या शिक्षकों का शोषण करेंगे, तो उनका अंजाम भी ऐसा ही होगा।