सम्राट के शासन में अपराधियों को भय नहीं, अब कुशेश्वरस्थान में एक युवक को मारी गोली।

दस्तक 7 मीडिया, प्रशांत कुमार, कुशेश्वरस्थान, दरभंगा।

कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड अंतर्गत नदी थाना क्षेत्र के झाझा गांव में शुक्रवार की रात अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों एवं ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कुशेश्वरस्थान में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।

घायल युवक की पहचान झाझा गांव निवासी मुकेश पोद्दार के रूप में की गई है। बताया जाता है कि अपराधियों द्वारा चलाई गई गोली युवक के पेट के बगल में लगी है, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया तथा गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।

परिजनों द्वारा घटना की सूचना तत्काल नदी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई। थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि मुकेश पोद्दार को गोली लगी है और उसका इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। वहीं ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।