जमीनी विवाद में हत्या का प्रयास करने वाला आरोपी नंदकिशोर यादव गिरफ्तार, भेजा गया जेल

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल दरभंगा।

दरभंगा जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम तेतरी से पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नंदकिशोर यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को उसके पैतृक घर से धर दबोचा और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल भेज दिया है।


मिली जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों पहले ग्राम तेतरी में जमीन के एक टुकड़े को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते इस विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई। इस खूनी संघर्ष में दोनों ही पक्षों के कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जमालपुर थाना में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस इस मामले में नामजद आरोपियों की तलाश में लगातार जुटी हुई थी, जिसमें आज सफलता हाथ लगी और मुख्य अभियुक्तों में से एक नंदकिशोर यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि तेतरी गांव में हिंसक झड़प और हत्या के प्रयास के मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। दोनों ही पक्षों के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।