किरतपुर चौक पर शराब के नशे में हंगामा कर रहे तीन युवक के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, शराब बरामद

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर दरभंगा।

जमालपुर थाना क्षेत्र के किरतपुर गांव में शुक्रवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शराब के नशे में हंगामा कर रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सदानंद यादव, सरोज कुमार यादव और लालू कुमार यादव, सभी निवासी किरतपुर थाना जमालपुर जिला दरभंगा के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में उपस्थापन हेतु भेज दिया। जानकारी के अनुसार, जमालपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि किरतपुर चौक के पास कुछ लोग शराब पीकर हल्ला और हंगामा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मुकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों लोगों को पकड़ लिया।
पुलिस द्वारा पूछताछ और जांच के दौरान तीनों के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर चिकित्सीय जांच कराई गई। मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने पर बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि बिहार में शराबबंदी कानून को सफल बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। शराब पीकर सार्वजनिक स्थानों पर हंगामा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि इसी क्रम में ग्राम कीरतपुर में छापामारी कर ललन कुमार पिता रामानंद यादव के दुकान में छापामारी के दौरान करीब 18 फीट की ऊंचाई पर दुकान के करकट के उपर काटूर्न में छुपाकर रखे 7 लीटर शराब बरामद किया गया। शराब के साथ गिरफ्तार ललन कुमार को भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।