पुलिस की त्वरित कार्रवाई, युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने वाला आरोपी फरार, महज 2 घंटे में युवती सकुशल बरामद
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने वाला आरोपी फरार, महज 2 घंटे में युवती सकुशल बरामद
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने वाला आरोपी फरार, महज 2 घंटे में युवती सकुशल बरामद
दस्तक 7 मिडिया घनश्यामपुर, दरभंगा।
थाना क्षेत्र के बलथरी गांव से एक युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। हालांकि, घटना की सूचना मिलते ही सक्रिय हुई घनश्यामपुर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज दो घंटे के भीतर युवती को सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले को लेकर पीड़ित युवती की मां ललिता देवी ने स्थानीय थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। थाने में दिए गए आवेदन में पीड़ित महिला ललिता देवी ने आरोप लगाया है कि चंदन शर्मा नामक युवक एक बुलेट मोटरसाइकिल से उनके घर पर आया था। उसने उनकी पुत्री को अपने झांसे में लिया और बहला-फुसलाकर मोटरसाइकिल पर बैठाकर फरार हो गया। महिला का यह भी आरोप है कि आरोपी युवक के साथ उनकी पुत्री घर में रखे कीमती जेवरात भी अपने साथ ले गई है। घर के लोग जब तक कुछ समझ पाते, आरोपी मौके से रफूचक्कर हो चुका था।
घटना की लिखित शिकायत मिलते ही घनश्यामपुर थाना पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई। थानाध्यक्ष आलोक कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित छापेमारी शुरू की गई।
पुलिस की तत्परता का नतीजा रहा कि घटना के मात्र 2 घंटे के भीतर ही पुलिस टीम ने जाल बिछाकर युवती को बिरौल थाना क्षेत्र के अकबरपुर बैंक गांव से सकुशल बरामद कर लिया। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही आरोपी चंदन शर्मा मौके से भागने में सफल रहा। मामले की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि पीड़ित महिला के आवेदन के आधार पर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बरामद युवती को शुक्रवार को माननीय न्यायालय में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराने के लिए प्रस्तुत किया गया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। थानाध्यक्ष ने कड़े लहजे में कहा कि आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।