दरभंगा पुलिस लाइन में रैतिक परेड, एसएसपी ने परेड ग्राउंड का किया निरीक्षण

दस्तक 7 मीडिया ,दरभंगा

पुलिस केन्द्र लहेरियासराय में शुक्रवार को वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा के नेतृत्व में रैतिक परेड का आयोजन किया गया। परेड में पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी शामिल हुए। इस दौरान एसएसपी ने परेड ग्राउंड का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों की शारीरिक क्षमता, अनुशासन एवं एकरूपता पर विशेष जोर दिया गया। दौड़ एवं ड्रिल के माध्यम से जवानों की फिटनेस का आकलन किया गया, वहीं वर्दी की स्वच्छता और टर्नआउट की भी जांच की गई। टोलीवार ड्रिल कराकर अनुशासन और समन्वय को मजबूत करने का अभ्यास कराया गया।

एसएसपी ने कहा कि रैतिक परेड का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाए रखना है, ताकि पुलिसकर्मी हर परिस्थिति में बेहतर कार्य कर सकें।

इधर, पुलिस केन्द्र दरभंगा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु सिपाहियों के मानसिक, शारीरिक एवं आत्मविकास के लिए योग प्रशिक्षण भी कराया जा रहा है। इसके अलावा पुलिस केन्द्र की विभिन्न शाखाओं, बैरकों की साफ-सफाई तथा वाहनों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।