बकरीद को लेकर नगर निगम अलर्ट, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा

आगामी बकरीद पर्व को लेकर दरभंगा नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। बुधवार को नगर निगम कार्यालय में माननीय महापौर, उपमहापौर, नगर आयुक्त एवं उप नगर आयुक्त की उपस्थिति में विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें पर्व के दौरान शहर में साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था को लेकर व्यापक चर्चा की गई।

बैठक में नगर क्षेत्र के सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों, मुख्य सड़कों, वार्डों, नालों तथा संवेदनशील इलाकों में नियमित सफाई, कचरा उठाव और स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी क्षेत्र में गंदगी या जलजमाव की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।

समीक्षा बैठक में सफाई अधिदर्शकों, जोन प्रभारियों एवं अन्य संबंधित कर्मियों को साफ-सफाई कार्यों की सतत निगरानी करने तथा समयबद्ध तरीके से कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। नगर निगम प्रशासन ने सभी कर्मियों को अलर्ट मोड में रहकर नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।