लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन पर वरीय पुलिस अधीक्षक सख्त, लहेरियासराय थाना में की समीक्षा बैठक

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा ने बुधवार को लहेरियासराय थाना पहुंचकर लंबित कांडों की गहन समीक्षा की। इस दौरान थाना के सभी अनुसंधानकर्ताओं, थानाध्यक्ष, पर्यवेक्षी पदाधिकारी एवं अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

समीक्षा बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक  ने थाना में लंबित सभी कांडों की प्रगति का जायजा लेते हुए अनुसंधान कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने माननीय न्यायालय से वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की आदेश शीघ्र प्राप्त कर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान जमानतीय पंजी, अजमानतीय पंजी, कांड दैनिकी पंजी, आगंतुक पंजी, पासपोर्ट पंजी, आरटीआई पंजी, महिला हेल्प डेस्क, लोक शिकायत पंजी, केस डायरी तथा वारंट/इश्तेहार/कुर्की पंजियों का अवलोकन किया गया। SSP ने सभी पंजियों को अद्यतन रखने एवं अनुसंधान कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निष्पादित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने 90 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों का जल्द अनुसंधान पूरा करने, वारंटियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने तथा थाना क्षेत्र में सघन गश्ती बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही शराब माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के क्रय-विक्रय पर प्रभावी रोक लगाने को कहा।

एसएसपी  ने कहा कि लंबित मामलों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अनुसंधानकर्ताओं को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।mm