नए आपराधिक कानून से लेकर वैज्ञानिक अनुसंधान तक, पुलिस अधिकारियों को दिया जा रहा विशेष प्रशिक्षण

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा

वरीय पुलिस अधीक्षक दरभंगा के नेतृत्व में जिले में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारियों के लिए रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को आयोजित इस प्रशिक्षण में सअनि, पु-अनि एवं पु-नि कोटि के सभी पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों की कार्य क्षमता, दक्षता एवं पेशेवर कौशल का विकास करना है, ताकि वे वर्तमान समय की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना कर सकें। प्रशिक्षण के दौरान नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन, वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान, साक्ष्य संकलन, कांड दैनिकी लेखन तथा अनुसंधान में तेजी लाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

इसके साथ ही सामुदायिक पुलिसिंग, जन-शिकायत निवारण एवं स्वस्थ जीवन शैली में सुधार से जुड़े पहलुओं पर भी अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया। अधिकारियों को बताया गया कि आधुनिक पुलिसिंग में तकनीक आधारित अनुसंधान और आम जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करना बेहद आवश्यक है।

पुलिस अधिकारियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे अनुसंधान कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बढ़ेगी तथा अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।