गैस सिलेंडर की किल्लत पर प्रशासन का बड़ा बयान, “एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता, होम डिलीवरी में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई”
गैस सिलेंडर की किल्लत पर प्रशासन का बड़ा बयान, “एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता, होम डिलीवरी में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई”
गैस सिलेंडर की किल्लत पर प्रशासन का बड़ा बयान,
“एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता, होम डिलीवरी में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई”
दस्तक 7 मीडिया ,दरभंगा
जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य और नियंत्रित है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है तथा सभी गैस एजेंसियों को शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि उपभोक्ताओं को परेशान करने वाली एजेंसियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन के अनुसार जिले की 75 गैस एजेंसियों के माध्यम से लगातार गैस आपूर्ति की जा रही है। बुधवार को जिले में कुल 8 हजार 650 एलपीजी सिलेंडरों का वितरण किया गया, जिसमें दरभंगा सदर अनुमंडल में 7037, बेनीपुर में 795 और बिरौल अनुमंडल में 818 सिलेंडर शामिल हैं।
डीएसओ सुरेश कुमार ने बताया कि 20 मई की शाम तक एजेंसियों के गोदामों में 7 हजार 46 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। वहीं 21 मई को दरभंगा सदर अनुमंडल में 13 हजार 175, बेनीपुर में 2326 तथा बिरौल अनुमंडल में 5937 सिलेंडर वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उप निदेशक जन-संपर्क सत्येन्द्र प्रसाद ने कहा कि जिले में पेट्रोलियम पदार्थ और एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। बुकिंग के बाद शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल पर गैस बुकिंग का नियम लागू है, जबकि होम डिलीवरी 2 से 3 दिनों के भीतर की जा रही है।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि शादी-विवाह एवं अन्य समारोहों के लिए कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुचारु रूप से जारी है और विभागीय निर्देशानुसार उपभोक्ताओं को पांच कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने सभी गैस एजेंसियों को पारदर्शी एवं समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या मुनाफाखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होगी।
जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। किसी भी समस्या या शिकायत के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06272-245055 पर संपर्क करने को कहा गया है।