आयुष्मान योजना में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई,

डीएम ने जिला आयुष्मान आईटी प्रबंधक को कार्य से किया मुक्त

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा

आयुष्मान भारत योजना के कार्यों में लापरवाही बरतने के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जिला कार्यान्वयन समिति की बैठक में योजना से संबंधित लंबित आवेदनों और कार्यों की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान विभिन्न नैदानिक संस्थानों द्वारा आयुष्मान भारत योजना के पैनल में नाम जोड़ने के लिए दिए गए आवेदनों की जांच की गई। समीक्षा में सामने आया कि जिला आयुष्मान आईटी प्रबंधक प्रभाकर रंजन द्वारा प्राप्त आवेदनों को समय पर सक्षम प्राधिकार के समक्ष प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके कारण वर्ष 2025 के ऑनलाइन आवेदन बीएसएसएस लॉगिन में चले गए और संबंधित संस्थानों को दोबारा आवेदन करना पड़ा।

जिलाधिकारी ने पूरे मामले की गहन समीक्षा करते हुए पाया कि आईटी प्रबंधक द्वारा अपने दायित्वों का निर्वहन अपेक्षित तरीके से नहीं किया गया, जिससे योजना के कार्य प्रभावित हुए। मामले को गंभीर मानते हुए जिला कार्यान्वयन समिति सह जिलाधिकारी ने प्रभाकर रंजन को आयुष्मान भारत योजना से जुड़े कार्यों से तत्काल प्रभाव से मुक्त करने का निर्णय लिया।