बेगूसराय में मिले सड़े-गले शव का डीएमसीएच में पोस्टमार्टम

दस्तक 7 मीडिया /अफजल खान

बेगूसराय जिले के खोदावंदपुर थाना क्षेत्र में प्रखंड मुख्यालय भवन के पीछे बरामद सड़े-गले शव का बुधवार को डीएमसीएच में पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक की पहचान चेरियाबरियारपुर थाना क्षेत्र के खाजजहांपुर श्रीपुर गांव निवासी घासी साह के 28 वर्षीय पुत्र राजीव कुमार के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह अविवाहित था और खोदावंदपुर में रहकर हलवाई का काम करता था।
मृतक के बड़े भाई अमरनाथ साह ने बताया कि राजीव 16 मई से लापता था। स्वजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल रहा था। मंगलवार को प्रखंड मुख्यालय भवन के पीछे उसका शव सड़ी-गली अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
परिजनों का आरोप है कि राजीव की हत्या कर शव को सुनसान जगह पर फेंक दिया गया। शव की स्थिति काफी खराब होने के कारण बेगूसराय सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम संभव नहीं हो सका। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।