जुलाई 2026 से नए डिग्री कॉलेजों में शुरू होगी पढ़ाई,

डीएम कौशल कुमार ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, तैयारी तेज

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा

जिले के विभिन्न प्रखंडों में स्थापित नए डिग्री महाविद्यालयों में आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से जुलाई माह में पठन-पाठन शुरू कराने की तैयारी तेज कर दी गई है। इसको लेकर मंगलवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिले के आठ प्रखंडों में संचालित होने वाले नए डिग्री कॉलेजों की आधारभूत सुविधाओं, भवन निर्माण, रंग-रोगन, चाहरदीवारी, कक्षाओं की व्यवस्था तथा अन्य शैक्षणिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। कार्यपालक अभियंता ने जानकारी दी कि सभी कॉलेजों में निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।

जिलाधिकारी ने संबंधित प्राचार्यों और अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी कॉलेज परिसरों में मरम्मत, साफ-सफाई, जीर्णोद्धार और अन्य आवश्यक कार्य तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि जुलाई 2026 से नियमित रूप से पढ़ाई शुरू कराई जा सके।

बैठक में बताया गया कि कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड के बरनियाँ स्थित उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय में अस्थायी रूप से डिग्री महाविद्यालय संचालित होगा। इसके अलावा तारडीह, अलीनगर, गौड़ाबौराम, किरतपुर, सिंहवाड़ा और हनुमाननगर प्रखंडों के विभिन्न विद्यालय परिसरों में भी नए डिग्री कॉलेजों का संचालन किया जाएगा।

डीएम ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करें। साथ ही स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन को कॉलेज परिसरों में नाम पट्ट लगाने एवं निर्माण कार्यों में तेजी लाने का निर्देश भी दिया गया।

बैठक में उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद ठाकुर समेत शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्रतिनियुक्त प्राचार्य और अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।