बिरौल-शिवनगर घाट मुख्य सड़क पर बड़ा हादसा, अनियंत्रित ‘दरभंगा केसरी’ बस पेड़ से टकराई, चालक समेत आधा दर्जन यात्री जख्मी
बिरौल-शिवनगर घाट मुख्य सड़क पर बड़ा हादसा, अनियंत्रित ‘दरभंगा केसरी’ बस पेड़ से टकराई, चालक समेत आधा दर्जन यात्री जख्मी
बिरौल-शिवनगर घाट मुख्य सड़क पर बड़ा हादसा, अनियंत्रित ‘दरभंगा केसरी’ बस पेड़ से टकराई, चालक समेत आधा दर्जन यात्री जख्मी
दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।
बिरौल-शिवनगर घाट मुख्य सड़क (एसएच 56) पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा होने से बाल-बाल बच गया। नवटोल गांव के समीप ‘दरभंगा केसरी’ नामक एक अनियंत्रित बस सड़क किनारे एक विशाल पेड़ से सीधे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गया। इस दुर्घटना में बस चालक सहित आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। बस बिरौल से दरभंगा की ओर जा रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पाते ही पुलिस अधिकारी शशि कुमार रजक दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद बस के केबिन और सीटों के बीच फंसे चालक व यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
मामले की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि गनीमत यह रही कि हादसे में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है। अस्पताल में सभी घायलों का त्वरित प्राथमिक उपचार कराने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस
BR 07 PB 9552 को जब्त कर लिया है और उसे क्रेन की मदद से थाने ले आई। बस में सवार प्रत्यक्षदर्शी सह अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बच्चेलाल झा, जो स्वयं इस हादसे में जख्मी हुए हैं, ने बताया “दरभंगा केसरी बस की रफ्तार काफी तेज थी। अचानक नवटोल गांव के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस सीधे पेड़ में जा घुसी। भगवान का शुक्र था कि टकराने के बाद बस सड़क किनारे ही रुक गई, वरना बस पलट सकती थी और कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
टक्कर के कारण भारी-भरकम पेड़ का हिस्सा टूटकर सड़क के बीचों-बीच गिर गया था, जिससे एसएच 56 पर दोनों ओर से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत क्रेन की व्यवस्था की। क्रेन के जरिए सड़क पर गिरे पेड़ और दुर्घटनाग्रस्त बस को किनारे हटाकर करीब आधे घंटे के भीतर जाम खुलवाया और परिचालन सुचारू रूप से बहाल कराया।