तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से वृद्ध महिला गंभीर,प्राथमिक उपचार के बाद डीएमसीएच रेफर

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर,

स्थानीय थाना क्षेत्र के तुमौल गांव में मंगलवार को तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की ठोकर से एक वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घनश्यामपुर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डीएमसीएच रेफर कर दिया।
घायल महिला की पहचान तुमौल गांव निवासी स्व सुख लाल चौपाल की पत्नी गोरकी देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह तुमौल गांव से दवा लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान तेज गति से आ रही मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उन्हें ठोकर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तत्काल महिला को उठाकर अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल डीएमसीएच में उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार बाइक सवार युवकों की पहचान तुमौल पंचायत के विजहारा गांव निवासी प्रदीप चौपाल एवं धर्मेंद्र चौपाल के रूप में हुई है। घटना के बाद दोनों युवक ग्रामीणों के संपर्क में जुटे है। इस संबंध में थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि अभी तक पीड़ित परिवार की ओर से कोई सूचना या आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।