बागमती नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत, दूसरा का शव भी बरामद,विधायक ने पीड़ित परिवार को दिया सांत्वना

दीपक कुमार।गायघाट/

प्रखंड के बेनीबाद थाना क्षेत्र स्थित हरखौली गांव में बागमती नदी में नहाने के दौरान दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार, रविवार को दिन के करीब 2 बजे हरखौली गांव निवासी ओम प्रकाश (12 वर्ष), पिता अजय राय एवं आशिक कुमार (10 वर्ष), पिता पप्पू राय नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन एवं एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से दोनों बच्चों की तलाश शुरू की गई।

बताया गया कि घटना के बाद से ही एसडीआरएफ की दो टीम लगातार खोजबीन में जुटी हुई थी। सोमवार शाम को आशिक कुमार का शव बरामद कर लिया गया वही मंगलवार को दूसरे बच्चे ओम प्रकाश के शव को भी बरामद कर लिया गया है।

घटना के बाद पीड़ित परिवारों से मिलकर गायघाट विधायक कोमल सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें सांत्वना दी तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।