सड़क परियोजनाओं का मंत्री ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता व समयसीमा पर दिया जोर

दस्तक 7 मीडिया  /दरभंगा

पथ निर्माण मंत्री सह प्रभारी जिला मंत्री कुमार शैलेंद्र ने मंगलवार को दरभंगा जिले में चल रही विभिन्न महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शोभन-मकिया पथ, शोभन-एकमी घाट बाईपास पथ तथा एलिवेटेड रोड निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।

मंत्री ने संबंधित अभियंताओं और कार्य एजेंसियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि आम लोगों को बेहतर और सुगम यातायात सुविधा मिल सके। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों के पूर्ण अनुपालन पर विशेष बल दिया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सड़क अवसंरचना को मजबूत करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से दरभंगा शहर और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम होगा तथा लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

इस अवसर पर कौशल कुमार, जगुनाथ रेड्डी, कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार सहित संबंधित विभागों के कई पदाधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।