24 पंचायतों में लगा “सहयोग शिविर”, मंत्री ने बांटे राशन कार्ड व प्रमाण पत्र
24 पंचायतों में लगा “सहयोग शिविर”, मंत्री ने बांटे राशन कार्ड व प्रमाण पत्र
24 पंचायतों में लगा “सहयोग शिविर”, मंत्री ने बांटे राशन कार्ड व प्रमाण पत्र
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
जिले के केवटी प्रखंड के ननौरा एवं हनुमाननगर प्रखंड के नरसारा सहित 24 पंचायतों में मंगलवार को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से “सहयोग शिविर” का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह प्रभारी जिला मंत्री कुमार शैलेंद्र, केवटी विधायक मुरारी मोहन झा तथा जिलाधिकारी कौशल कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने मंत्री एवं विधायक को पाग, चादर और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आम लोगों की समस्याओं के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया।
अपने संबोधन में विधायक मुरारी मोहन झा ने कहा कि सहयोग शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं का लाभ पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल है। वहीं मंत्री कुमार शैलेंद्र ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि सभी पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील करते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि अब लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए प्रखंड, अंचल या थाना का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, बल्कि अधिकारी और कर्मी स्वयं पंचायत स्तर पर पहुंचकर समस्याएं सुनेंगे और उनका समाधान करेंगे। उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को पारदर्शिता एवं निष्ठा के साथ कार्य करने का निर्देश भी दिया।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि सहयोग शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाएगा तथा अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।
शिविर के दौरान केवटी प्रखंड में कई लाभुकों के बीच राशन कार्ड, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र तथा बंदोबस्ती पर्चा वितरित किए गए। वहीं हनुमाननगर प्रखंड के नरसारा पंचायत में राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड एवं जॉब कार्ड का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।