सहयोग शिविर में उमड़ी भीड़, 30 दिन में समस्याओं के समाधान का दावा,

तय समय में काम नहीं होने पर अधिकारियों पर होगी कार्रवाई : मंत्री कुमार शैलेंद्र

दस्तक 7मीडिया /सिंहबाड़ा

कुमार शैलेंद्र ने मंगलवार को दरभंगा जिले के सिंहवारा प्रखंड अंतर्गत सिमरी पंचायत सरकार भवन में आयोजित “सहयोग शिविर” का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा और निर्धारित अवधि में समस्या का समाधान नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी।

कार्यक्रम का उद्घाटन मंत्री कुमार शैलेंद्र, मुरारी मोहन झा तथा कौशल कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मौके पर हिमांशु कुमार राय को पाग, चादर और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।

24 पंचायतों में एक साथ लगा शिविर

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि जिले की 24 पंचायतों में एक साथ सहयोग शिविर आयोजित किया गया है। शिविर का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा कि आवेदन प्राप्ति की प्रक्रिया शिविर से 30 दिन पहले ही शुरू कर दी गई थी और सभी आवेदनों को सहयोग पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है।

डीएम ने बताया कि सरकार द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1100 और सहयोग पोर्टल के माध्यम से भी लोग अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सभी आवेदनों का निष्पादन 30 दिनों के भीतर करना अनिवार्य होगा।

स्वास्थ्य जांच से लेकर योजनाओं की जानकारी तक

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जहां लोगों ने सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर सबसे अधिक भीड़ रही, जहां लोगों की नि:शुल्क ब्लड प्रेशर और शुगर जांच की गई तथा दवाइयां वितरित की गईं।

आईसीडीएस, कृषि, पशुपालन और जीविका विभाग के अधिकारियों ने भी लोगों को योजनाओं और स्वरोजगार संबंधी सुविधाओं की जानकारी दी। जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ ने किसानों से फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील की।

ऑन-द-स्पॉट बांटे गए प्रमाण पत्र और कार्ड

शिविर के दौरान जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, पेंशन स्वीकृति पत्र, आयुष्मान कार्ड और राशन कार्ड का वितरण लाभुकों के बीच किया गया। कई आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन भी किया गया।

हर महीने लगेगा सहयोग शिविर

मंत्री कुमार शैलेंद्र ने कहा कि प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कार्यक्रम में जगुनाथ रेड्डी सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।