दरभंगा में सनकी पति का तांडव ,अंडा फार्म में पत्नी और तीन बच्चों पर हमला, चार की मौत; इलाज में देरी पर उठे सवाल
दरभंगा में सनकी पति का तांडव ,अंडा फार्म में पत्नी और तीन बच्चों पर हमला, चार की मौत; इलाज में देरी पर उठे सवाल
दरभंगा में सनकी पति का तांडव ,अंडा फार्म में पत्नी और तीन बच्चों पर हमला, चार की मौत; इलाज में देरी पर उठे सवाल
दस्तक 7 मीडिया ,दरभंगा /गुड्डूराज
दरभंगा जिले के हायाघाट प्रखंड अंतर्गत पतोर थाना क्षेत्र के चंदनपट्टी गांव स्थित एक अंडा फार्म में मंगलवार सुबह हुई दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पारिवारिक विवाद में एक सनकी पति द्वारा पत्नी और तीन मासूम बच्चों पर लोहे की रॉड से हमला किए जाने की घटना में चार लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद अब इलाज में कथित देरी को लेकर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी संदीप दास, जो पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर का रहने वाला बताया जाता है, अंडा फार्म में अपनी पत्नी फूल कुमारी (25) और बच्चों के साथ मजदूरी करता था। बताया जाता है कि किसी घरेलू विवाद के बाद उसने पत्नी और तीनों बच्चों पर लोहे की रॉड से बेरहमी से हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर अंडा फार्म संचालक मौके पर पहुंचे। संचालक के अनुसार तब तक महिला की मौत हो चुकी थी, जबकि तीनों बच्चे गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी, लेकिन घायल बच्चों को स्वयं अस्पताल पहुंचाने की पहल नहीं की। जानकारी के मुताबिक घटना के करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्चों व आरोपी पिता को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
इस दौरान दो बच्चों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे बच्चे की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। घटना के बाद अब स्थानीय लोगों के बीच यह सवाल तेजी से उठ रहा है कि यदि घायल बच्चों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जाता, तो क्या उनकी जान बचाई जा सकती थी।
मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं और आशंकाएं भी सामने आ रही हैं। हालांकि अब तक किसी भी स्तर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वहीं, अंडा फार्म संचालक मीडिया के सामने खुलकर कुछ भी बोलने से बचते नजर आए। दूसरी ओर, फार्म संचालक और पतोर थाना अध्यक्ष के बयानों में भी अंतर बताए जाने से मामले ने और तूल पकड़ लिया है।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी अशोक कुमार चौधरी, सदर डीएसपी राजीव कुमार, एसएसपी एवं डीआईजी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। साथ ही घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। अब लोगों की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि आखिर इस दर्दनाक वारदात की पूरी सच्चाई कब सामने आएगी।