जनसुनवाई में 20 से अधिक मामलों की सुनवाई, आधे से ज्यादा का मौके पर समाधान

दस्तक 7मीडिया  /दरभंगा

बिहार सरकार के “निश्चय पार्ट-3 : सबका सम्मान, जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत सोमवार को समाहरणालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई की अध्यक्षता अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता ने की।

जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देशानुसार आयोजित इस जनसुनवाई में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से भूमि विवाद, शिक्षा विभाग से जुड़ी शिकायतें, बिजली समस्या, अतिक्रमण हटाने तथा बैटरी चालित ट्राई साइकिल से संबंधित मामले शामिल रहे।

अपर समाहर्ता ने सभी मामलों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कई मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया। साथ ही अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि परिवादियों को मोबाइल के माध्यम से कार्रवाई और समाधान की जानकारी दी जाए।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जन समस्याओं के समाधान में पारदर्शिता, त्वरित कार्रवाई और विधिसम्मत प्रक्रिया को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।