बिरौल में एक दर्दनाक हादसा, कमला नदी में डूबने से 9 वर्षीय बच्ची की मौत

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल दरभंगा।

बिरौल थाना क्षेत्र के लदहो कटैया गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां गांव से गुजरने वाली कमला नदी में डूबने से एक 9 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। इस घटना के बाद से मृतक बच्ची के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लदहो कटैया गांव के स्थानीय निवासी लालटुन सहनी की 9 वर्षीय पुत्री शीतल कुमारी सोमवार को कमला नदी के पास गई थी। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने के कारण वह नदी की तेज धार में डूब गई। जब तक आस-पास के लोग कुछ समझ पाते और उसे बचाने का प्रयास करते, तब तक मासूम शीतल की पानी में दम घुटने से मौत हो चुकी थी। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना मिलते ही बिरौल थाना की पुलिस तुरंत हरकत में आई। थाना से सब-इंस्पेक्टर रंजन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ कटैया स्थित घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और उपस्थित ग्रामीणों की मौजूदगी में स्थिति का जायजा लिया और शव को अपने कब्जे में ले लिया। कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद, एसआई रंजन कुमार सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतका के माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध लोगों ने पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और स्थानीय प्रशासन से आपदा प्रबंधन के तहत उचित मुआवजे की मांग की है।