वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस-मुठभेड़ में जिरादेई ज्वेलरी लूटकांड का आरोपी घायल , सीवान पुलिस की जबरदस्त कार्रवाई।

दस्तक 7 मीडिया,सीवान/सिसवन

सीवान जिले में वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस और अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में जिरादेई ज्वेलरी लूटकांड का एक आरोपी घायल हो गया। घायल अपराधी की पहचान सिसवन थाना क्षेत्र के चांदपुर निवासी अंकित सिंह के रूप में की गई है। पुलिस ने उसके पास से हथियार और लूटी गई बाइक भी बरामद की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेरवा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक फरार अपराधी उत्तर प्रदेश की ओर से अपने घर लौट रहा है। सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान बेदौली मोड़ स्थित छठ घाट के समीप एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया।

पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे तत्काल सरकारी सुरक्षा के बीच पीएमसीएच पटना भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि 6 मई 2026 को जिरादेई थाना क्षेत्र के जमापुर बाजार स्थित “ओम साई बर्तन एवं ज्वेलर्स” दुकान में हुई लूट की घटना में आरोपी की संलिप्तता थी। घटना के दौरान अपराधियों ने चार राउंड फायरिंग की थी, जिसमें तीन राउंड दुकान के अंदर और एक राउंड बाहर चलाई गई थी। लूट के दौरान इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।इसके अलावा आरोपी के पास से एक लोडेड देसी पिस्टल और दो खोखा भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी पर रघुनाथपुर, मांझी, रसूलपुर और जिरादेई थानों में हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।