बेला दुर्गा मंदिर के पास ‘सुखा नशा’ गैंग का आतंक, राहगीरों से जबरन उगाही

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

जिले में बढ़ते “सुखा नशा” के कारोबार और इसकी गिरफ्त में आते युवाओं ने अब आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हालात ऐसे हो गए हैं कि गांव से लेकर शहर तक शायद ही कोई इलाका बचा हो, जहां इसके शिकार युवा न हों। चोरी, छीना-झपटी और चाकूबाजी जैसी घटनाओं के बाद अब नशेड़ियों के गिरोह राहगीरों और वाहन चालकों को नया निशाना बना रहे हैं।

ताजा मामला विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के बेला दुर्गा मंदिर के आसपास का बताया जा रहा है, जहां इन दिनों नशे की हालत में युवकों के झुंड द्वारा सड़क पर हंगामा और जबरन उगाही की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पूरा खेल सुनियोजित तरीके से किया जाता है। जैसे ही कोई चारपहिया वाहन वहां से गुजरता है, गिरोह का एक युवक जानबूझकर गाड़ी से सटकर गिर जाता है। इसके बाद उसके साथी चालक को चारों तरफ से घेर लेते हैं और दुर्घटना का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर देते हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कई बार स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो जाती है कि चालक डर के कारण मौके पर ही पैसे देकर निकलने में अपनी भलाई समझते हैं। आरोप है कि यह गिरोह खासकर शाम और रात के समय सक्रिय रहता है।

स्थानीय मोहल्लेवासियों ने बताया कि नशे की वजह से इन युवकों की मानसिक स्थिति भी प्रभावित हो चुकी है और पैसों की कमी पूरी करने के लिए वे आए दिन नए तरीके अपना रहे हैं। लोगों का कहना है कि मोहल्ले के निवासी भी इन युवकों से दूरी बनाकर रहते हैं, क्योंकि विरोध करने पर वे स्थानीय लोगों को ही निशाना बनाने लगते हैं।

क्षेत्र के लोगों ने पुलिस प्रशासन से बेला दुर्गा मंदिर इलाके में नियमित गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध युवकों की पहचान कर कार्रवाई करने तथा “सुखा नशा” के नेटवर्क पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।