एक शाम शहीदों के नाम, देशभक्ति के तराने सुन भाव-विभोर हुए श्रोता, तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजा पूरा सभागार

दस्तक 7 मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

सशस्त्र सेना झंडा दिवस कोष के लिए धन संग्रह के उद्देश्य से अनुमंडल प्रशासन, बिरौल द्वारा रविवार को सुपौल बाजार स्थित प्रसाद विवाह भवन में एक शाम शहीदों के नाम’ सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन एसडीओ शशांक राज, एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी एवं विधि विभाग के निदेशक राजेश कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। दीप प्रज्वलन के साथ ही पूरा सभागार भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम की शुरुआत होते ही पूरा माहौल पूरी तरह देशप्रेम के रंग में रंग गया। कलाकारों ने एक के बाद एक बेहतरीन प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। दूरदर्शन के विख्यात कलाकार ब्रजेश कुमार ने जैसे ही ‘प्रीत जहां की रीत सदा’* गीत की शुरुआत की, वहां मौजूद सभी श्रोता भाव-विभोर हो उठे। इसके बाद सुप्रसिद्ध गायिका साधना झा ने अपनी सुरीली आवाज में ‘हर करम अपना करेंगे, ऐ वतन तेरे लिए’ पेश कर पूरे हॉल में जोश भर दिया।
कलाकार सतेंद्र कुमार ने देशभक्ति गीतों पर आधारित अपनी नृत्य प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया।
सामाजिक एकता का संदेश देते हुए
गायक अशोक कुमार ने ‘नफरत की लाठी तोड़ो, दुनिया को जोड़ो’ गीत गाकर समाज को एकजुट रहने का एक बेहद खूबसूरत संदेश दिया।
इस सांस्कृतिक संध्या में गायकों के सुरों को सजाने में आर्गन पर सरोज सुमन, ढोलक पर पप्पू राज एवं पैड पर शशि सिन्हा ने अपनी शानदार जुगलबंदी से कलाकारों का भरपूर साथ दिया। गंभीर और जोशीले माहौल के बीच हास्य कलाकार सह उदघोषक
शशि कुमार ने अपनी अनूठी प्रस्तुति से दर्शकों को हंसा-हंसाकर लोटपोट कर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए एसडीओ शशांक राज ने कहा इस कार्यक्रम का मूल उद्देश्य देश की रक्षा में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों की विधवाओं और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए धन संग्रह करना है। आज जुटाई गई पूरी राशि ‘सशस्त्र सेना झंडा दिवस कोष’ में जमा की जाएगी, ताकि देश के असली हीरोज के परिवारों को समय पर आर्थिक सहायता प्रदान की जा सके।”
इस गरिमामयी कार्यक्रम में भारी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक, छात्र, पुलिस कर्मी और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। अनुमंडल प्रशासन ने कार्यक्रम को सफल बनाने और कोष में स्वेच्छा से अंशदान करने वाले सभी दानदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक रूप से गौरवमयी राष्ट्रगान के साथ किया गया।