हाईवे निर्माण कंपनी का वेसकैंप बना हादसों का अड्डा, रोज हो रही दुर्घटनाएं,पोअरिया से डीहलाही तक अवैध वाहन पड़ाव और अतिक्रमण से राहगीरों की जान पर बन आई

हनुमाननगर/दरभंगा, प्रतिनिधि।

हनुमाननगर प्रखंड क्षेत्र में डीहलाही स्थित रक्सी धार के पास हाईवे निर्माण कंपनी का वेसकैंप इन दिनों वाहन दुर्घटनाओं का हॉट स्पॉट बन गया है। निर्माण कार्य में लगे सैकड़ों भारी वाहनों को सड़क सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर स्टेट हाईवे पर ही खड़ा किया जा रहा है। हालत यह है कि पोअरिया से डीहलाही तक सड़क के दोनों किनारों पर ट्रक, हाईवा और अन्य भारी वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं, जिससे यह व्यस्त सड़क वाहन पड़ाव स्थल में तब्दील हो गई है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क के दोनों ओर बनाए गए वेसकैंप से भारी वाहनों की लापरवाहीपूर्ण आवाजाही के कारण पिछले दो माह से लगभग प्रतिदिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इन हादसों में कई लोगों की जान जा चुकी है, जबकि दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल होकर दिव्यांगता का जीवन जीने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि विकास और सड़क निर्माण के नाम पर प्रशासन ने निर्माण कंपनी को खुली छूट दे रखी है। वहीं पोअरिया और डीहलाही चौर में संचालित ईंट-भट्ठा मालिकों ने भी सड़क किनारे ईंटों का अवैध भंडारण और अतिक्रमण कर हालात को और भयावह बना दिया है। सड़क की भूमि पर किए गए अतिक्रमण से राहगीरों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गौरतलब है कि इसी मार्ग से जिला प्रशासन के आला अधिकारी, वरीय पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी तथा विशनपुर थाना की गश्ती टीम प्रतिदिन गुजरती है। इसके बावजूद सड़क पर खड़े भारी वाहनों और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

बीते एक माह में कई दर्दनाक हादसे इस मार्ग पर हो चुके हैं। 25 अप्रैल को ट्रैक्टर और टेंपो की टक्कर में पोअरिया मखनाही निवासी सुरेश राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। इससे पूर्व उचौली गांव के एक व्यक्ति की हाईवा की चपेट में आने से जान चली गई। वहीं 15 मई को जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल के पास पिकअप और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में 35 वर्षीय विनोद राम की मौत हो गई, जबकि परमजीत राम गंभीर रूप से घायल होकर डीएमसीएच में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।

रविवार सुबह करीब 5:30 बजे समस्तीपुर जिले के रानीटोल पुनास निवासी फूल उत्पादक किसान राज नारायण सिंह, जो मोटरसाइकिल से दरभंगा फूल बेचने जा रहे थे, सड़क किनारे खड़े थे। तभी पीछे से आ रहे अनियंत्रित हाईवा ने उन्हें रौंद डाला, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

लगातार हो रही दुर्घटनाओं से आक्रोशित लोगों ने रविवार को पोअरिया के पास करीब दो घंटे तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में विशनपुर थाना पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन ने पोअरिया से डीहलाही तक सड़क से अवैध वाहन पड़ाव और अतिक्रमण नहीं हटाया, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

इस संबंध में पूछे जाने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मनीष कुमार ने माना कि लगातार हो रही दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण सड़क अतिक्रमण है। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटाने के लिए विशनपुर थाना को निर्देशित किया जा रहा है।