समस्तीपुर में नाबालिग से दुष्कर्म मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, कपड़े जब्त

दस्तक 7 मीडिया /समस्तीपुर 

जिले के मथुरापुर थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना को लेकर इलाके में काफी चर्चा है।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई कार्रवाई में मथुरापुर थाना कांड संख्या 42/26 दर्ज किया गया। पीड़िता के परिजनों द्वारा दिए गए आवेदन में गांव के ही दो युवकों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया गया था। इसके आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 70(2) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत प्राथमिकी दर्ज की।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजन कुमार और फेकु पासवान के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने राजन कुमार की निशानदेही पर उसके घर से घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

छापेमारी टीम में पु.अ.नि. राहुल कुमार, पु.अ.नि. प्रीति कुमारी, परि.पु.अ.नि. कुंदन पटेल, स.अ.नि. राजू कुमार यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।