मुजफ्फरपुर में मुरौल ओपी का शुभारंभ, 39 गांवों को अब मिलेगी त्वरित पुलिस सेवा

दीपक कुमार/ क्राइम रिपोर्टर 

मुजफ्फरपुर जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है, जहां नवसृजित मुरौल ओपी का विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन के मौके पर जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने ओपी परिसर का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, मालखाना, हाजत समेत अन्य सुविधाओं का जायजा लिया।

अधिकारियों ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए और पुलिस व्यवस्था को पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि मुरौल ओपी शुरू होने से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के साथ-साथ यातायात व्यवस्था में भी सुधार आएगा।

इस नई ओपी के संचालन से आसपास के 39 गांवों के लोगों को अब नजदीक में ही पुलिस सहायता उपलब्ध हो सकेगी, जिससे लोगों को थाना तक लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ सुरक्षा, यातायात और जनसमस्याओं को लेकर चर्चा भी की गई।

वहीं थाना परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिकारियों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। उद्घाटन समारोह में पुलिस प्रशासन के कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।