बाइक से गिरकर घायल वृद्ध महिला की डीएमसीएच में मौत

दस्तक 7 मीडिया/अफ़ज़ल खान 

दरभंगा जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत अथर गांव निवासी 65 वर्षीय उर्मिला देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह अपने बेटे नरेश मुखिया की बाइक पर बैठकर डेरा से घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में बाइक से गिर जाने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

परिजनों ने बताया कि घटना के बाद उन्हें तुरंत बेनीपुर अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेज दिया गया। डीएमसीएच में इलाज के दौरान कल देर रात उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर बेंता थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।घटना की जानकारी मृतका के बेटे ने दी।