दहेज हत्या का आरोप: 20 वर्षीय दहेज हत्या का आरोप: 20 वर्षीय मुस्कान की ससुराल में संदिग्ध मौत, पति गिरफ्तार। की ससुराल में संदिग्ध मौत, पति गिरफ्तार।

दस्तक 7 मीडिया, प्रशांत कुमार,

कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के बड़गांव में 20 वर्षीय विवाहिता मुस्कान की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने इसे दहेज हत्या बताते हुए पति समेत ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

मृतका की पहचान मुस्कान के रूप में हुई है। उसकी मां रीता देवी, ग्राम दाढ़ी मोर, थाना गणगौर, जिला खगड़िया ने कुशेश्वरस्थान थाना में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनकी बेटी को शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसके पति सुमित कुमार सिंह ने अन्य परिजनों के साथ मिलकर मुस्कान की फांसी लगाकर हत्या कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही कुशेश्वरस्थान पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी सुमित कुमार सिंह, पिता जय शंकर प्रसाद सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा उससे पूछताछ की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।

थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद ने बताया कि मृतका की मां के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।