भिण्डुआ महाविष्णु यज्ञ मेले में भगदड़, तीन युवक पकड़े गए, देशी कट्टा बरामद

दस्तक 7 मीडिया, प्रशांत कुमार, कुशेश्वरस्थान, दरभंगा।

कुशेश्वरस्थान प्रखंड क्षेत्र के भिण्डुआ गांव में आयोजित महाविष्णु यज्ञ मेले में शुक्रवार की देर रात अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। मेला समाप्त होने के बाद करीब 2:30 बजे अचानक भगदड़ मचने से लोगों में दहशत फैल गई। घटना के बाद मेला समिति के सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए तीन युवकों को पकड़ लिया तथा इसकी सूचना स्थानीय थाना पुलिस को दी।

मिली जानकारी के अनुसार, मेला समिति के सदस्य एवं श्याम बिहारी राय द्वारा थाना में दिए गए लिखित आवेदन में बताया गया है कि शुक्रवार की रात मेला समाप्त होने के बाद अचानक भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इसी दौरान मेला समिति के लोगों को तीन युवकों की गतिविधि संदिग्ध लगी, जिसके बाद उन्हें पकड़ने का प्रयास किया गया।

बताया जाता है कि समिति के सदस्यों को अपनी ओर आता देख तीनों युवक भागने लगे। भागने के क्रम में सामने अचानक एक टेंपो आ जाने के कारण तीनों युवक आपस में टकराकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद मेला समिति के लोगों ने उन्हें पकड़ लिया।

इसी दौरान घटनास्थल के पास एक गड्ढे से एक देशी कट्टा बरामद हुआ, जिसमें एक कारतूस फंसा हुआ था। कट्टा मिलने के बाद मेले में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। मेला समिति ने तत्काल पुलिस डायल 112 एवं स्थानीय चौकीदार के माध्यम से थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मेला समिति द्वारा पकड़े गए तीनों युवकों को अपने कब्जे में ले लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान कुशेश्वरस्थान बाजार निवासी गोलू कुमार, पिता कृष्णा साह, सुमन कुमार साह, पिता मदन कुमार साह तथा पीयूष गुप्ता, पिता संतोष कुमार गुप्ता के रूप में की गई है।पुलिस ने बरामद देशी कट्टा एवं कारतूस को जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस मामले में थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद का कहना है कि आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।