20 मई को फार्मर रजिस्ट्री आईडी महाअभियान, लापरवाही पर होगी कार्रवाई : डीएम
20 मई को फार्मर रजिस्ट्री आईडी महाअभियान, लापरवाही पर होगी कार्रवाई : डीएम
20 मई को फार्मर रजिस्ट्री आईडी महाअभियान, लापरवाही पर होगी कार्रवाई : डीएम
दस्तक 7 मीडिया/दरभंगा
डीएम कौशल कुमार ने गुरुवार को समाहरणालय स्थित प्रेक्षागृह में फार्मर रजिस्ट्री आईडी निर्माण कार्य को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षात्मक बैठक की। बैठक में सभी डीसीएलआर, अंचलाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, किसान सलाहकार एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान डीएम ने पंचायत स्तर पर कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार और राजस्व कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, यहां तक कि निलंबन भी किया जा सकता है।
डीएम ने कहा कि जिले का मान-सम्मान बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी लक्ष्य के अनुरूप पूरी तत्परता और ईमानदारी से कार्य करें। उन्होंने अंचलाधिकारियों को परिमार्जन से संबंधित लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन कर उसकी सूची प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि किसानों का पंजीकरण तेजी से हो सके और उन्हें सरकारी अनुदान योजनाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि जिन किसानों का केवाईसी पूरा हो चुका है लेकिन अब तक फार्मर रजिस्ट्री आईडी नहीं बनी है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर तुरंत पंजीकरण कराया जाए।
डीएम ने सभी राजस्व कर्मचारियों को पिछले लंबित आवेदनों का निष्पादन अगले 15 दिनों के भीतर करने का निर्देश देते हुए कहा कि 20 मई 2026 तक विशेष अभियान चलाकर जिले में व्यापक स्तर पर फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाई जाएगी।
उन्होंने 20 मई को आयोजित होने वाले महाअभियान को सफल बनाने के लिए प्रत्येक पंचायत में प्रतिदिन कम से कम 25 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने का लक्ष्य तय किया। साथ ही सभी अंचलाधिकारी और प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को अभियान से पहले 50 किसानों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया।
डीएम ने कहा कि किसान हित सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभागों को समन्वित प्रयास के साथ काम करना होगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनवाने के लिए आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, स्वयं के नाम की जमाबंदी और अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ रखें।बैठक में अपर समाहर्ता राजस्व मनोज कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।