ताजपुर में गैरेज संचालक की हत्या, गांधी चौक पर दिनदहाड़े चली गोलियां, जिले में लगातार हो रही हत्या पर लोगों का फूटा गुस्सा
ताजपुर में गैरेज संचालक की हत्या, गांधी चौक पर दिनदहाड़े चली गोलियां, जिले में लगातार हो रही हत्या पर लोगों का फूटा गुस्सा
ताजपुर में गैरेज संचालक की हत्या, गांधी चौक पर दिनदहाड़े चली गोलियां, जिले में लगातार हो रही हत्या पर लोगों का फूटा गुस्सा
दस्तक 7 मीडिया /समस्तीपुर
समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को अपराधियों ने बेखौफ अंदाज में एक बाइक गैरेज संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना गांधी चौक की बताई जा रही है, जहां बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी। मृतक की पहचान मोतीपुर गांव निवासी देवकी सहनी के 28 वर्षीय पुत्र संजीव कुमार के रूप में हुई है। वह ताजपुर बाजार में “संजीव बाइक वर्कशॉप” नाम से गैरेज चलाता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, संजीव कुमार रोज की तरह अपने गैरेज पर काम कर रहा था। इसी दौरान बाइक से पहुंचे अपराधियों ने उसे निशाना बनाते हुए लगातार गोलियां चला दीं। बताया जा रहा है कि चार गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। अचानक हुई फायरिंग से आसपास भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही ताजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल संजीव को तत्काल ताजपुर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल परिसर में भी बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
घटना से नाराज लोगों ने एनएच-28 पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दी। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। लोगों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।