डीएम की जनसुनवाई में 35 से अधिक मामलों का निपटारा, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

दस्तक 7 मीडिया,दरभंगा

समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में गुरुवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। बिहार सरकार के “निश्चय पार्ट-3 : सबका सम्मान, जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत आयोजित इस जनसुनवाई में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं डीएम के समक्ष रखीं।

जिलाधिकारी ने एक-एक परिवादी को सम्मानपूर्वक बैठाकर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को बार-बार कार्यालय का चक्कर नहीं लगवाया जाए तथा उनकी समस्याओं का समय पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।जनसुनवाई के दौरान 35 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें आधे से अधिक मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई कर आवेदकों को मोबाइल के माध्यम से जानकारी देने का निर्देश दिया गया।प्राप्त आवेदनों में भूमि विवाद, मृत्यु प्रमाण पत्र, सार्वजनिक पुस्तकालय, अनुग्रह अनुदान राशि, गैस एजेंसी की होम डिलीवरी तथा दिव्यांग पेंशन जैसे जनहित से जुड़े मामले प्रमुख रहे।डीएम ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्याओं का समाधान पारदर्शी, त्वरित और विधिसम्मत तरीके से किया जाए। इस दौरान अपर समाहर्ता विभागीय जांच राकेश कुमार भी मौजूद रहे।