पंचायतों में लगेगा ‘सहयोग शिविर’, डीएम ने अफसरों को दिए त्वरित निष्पादन के निर्देश
पंचायतों में लगेगा ‘सहयोग शिविर’, डीएम ने अफसरों को दिए त्वरित निष्पादन के निर्देश
पंचायतों में लगेगा ‘सहयोग शिविर’, डीएम ने अफसरों को दिए त्वरित निष्पादन के निर्देश
दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /
जिले की पंचायतों में आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए अब नियमित रूप से ‘सहयोग शिविर’ आयोजित किए जाएंगे। इसको लेकर गुरुवार को समाहरणालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में डीएम ने बताया कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को चयनित पंचायतों में सहयोग शिविर लगाए जाएंगे। प्रथम चरण में 19 मई 2026 को जिले के विभिन्न प्रखंडों की 24 चयनित पंचायतों में शिविर आयोजित होंगे। पंचायत सरकार भवनों में आवेदन लिए जा रहे हैं और प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया गया है।डीएम ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान अधिक से अधिक लोगों की समस्याओं का समाधान हो, इसके लिए शिविर से पहले ही लंबित मामलों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
बैठक में विशेष रूप से बताया गया कि सिंहवाड़ा प्रखंड की सिमरी पंचायत में जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में सहयोग शिविर आयोजित होगा। डीएम ने कहा कि शिविर पंचायत सरकार भवन अथवा समीप के किसी सरकारी भवन में आयोजित किए जाएं तथा आम लोगों के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था समेत सभी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसान सलाहकार, विकास मित्र और अन्य स्थानीय संसाधनों के माध्यम से अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त किए जाएं। साथ ही सभी आवेदनों की सतत मॉनिटरिंग कर निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के बाद जिलाधिकारी ने जनगणना कार्यों की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) राकेश कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।